सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं
बलौदाबाजार,17 अगस्त 2026/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान अंतर्गत योजनाओं के संतृप्तिकरण हेतु जिले के सभी ग्राम पंचायतों मे आगामी 20 अगस्त से शिविर लगाई जाएगी। इन शिविरों मे विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।जिले मे अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर शिविर आयोजन हेतु तैयारी की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत, क्लस्टर एवं जिला स्तर पर शिविर हेतु अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं, शिविर की जानकारी के लिये कोटवार से.मुनादी कराएं। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त से 20 सितम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले शिविर मे लगभग 17 विभागों द्वारा संचालित 31 योजनाओं का संतृप्तिकरण किया जाएगा, इसके लिये छूटे हुए हितग्राहियों के डाटा अनुसार सभी को लाभान्वित करने योजना बनाएं। शिविर आयोजन हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिये प्रभारी अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए। इसके साथ ही ऑनलाइन पोर्टल मे डाटा प्रविष्टि एवं शिविर की मॉनिटरिंग हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रुम स्थापित करें। कलेक्टर शर्मा ने कहा कि अभियान के लिये जिला नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत रहेंगे तथा उनकी निगरानी मे सभी तैयारी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियो को सचेत किया कि डाटा एंट्री या हितग्राहियों को लाभ पहुँचाने मे किसी प्रकार की लापरवाही होने पर कार्यवाही के लिये जिला अधिकारी जिम्मेदार होंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की विशेष पहल पऱ सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार से जुड़ी 31 योजनाएँ शामिल हैं। प्रशासन गांव-गांव मे विशेष शिविर लगाएगा और मौके पर ही पात्र लोगों के आवेदन स्वीकार कर उन्हें जोड़ेगा। छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी द्वारा एक रियल-टाइम सुघ्घर छत्तीसगढ़ डैशबोर्ड बनाया गया है, जिससे पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक इसकी लगातार निगरानी की जाएगी। बैठक मे सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।