रायगढ़ जिले  की चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण

रायगढ़, 20 अगस्त 2026/sns/- जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और आम लोगों के आवागमन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में राज्य शासन ने चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं सतह मजबूतीकरण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप तथा वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से मिली इन स्वीकृतियों से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। लंबे समय से इन प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं नवीनीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे राज्य शासन ने जन आकांक्षाओं और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंजूरी दी है।
ढिमरापुर-कोतरा थाना मार्ग के लिए 41.49 करोड़ की स्वीकृति
सबसे महत्वपूर्ण स्वीकृति राष्ट्रीय राजमार्ग ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना एनएच तक सड़क निर्माण के लिए मिली है। लगभग 4.250 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण के लिए राज्य शासन ने 41 करोड़ 49 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस सड़क के लिए 31 करोड़ 73 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। सड़क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है और निर्माण कार्य प्रारंभ करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। शहर के महत्वपूर्ण यातायात मार्गों में शामिल इस सड़क के बेहतर होने से आवागमन सुगम होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग के लिए 10.13 करोड़
छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले की महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सतह मजबूतीकरण एवं नवीनीकरण कार्यों के लिए भी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें रायगढ़ से एकताल ग्राम होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग शामिल है। लगभग 15.30 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 10 करोड़ 13 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस मार्ग के बेहतर होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ मरीजों और उनके परिजनों को मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
रायगढ़-पुसौर मार्ग के लिए 7.43 करोड़ मंजूर
रायगढ़ से पुसौर मार्ग के 12.07 किलोमीटर हिस्से के सड़क सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य के लिए 7 करोड़ 43 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह मार्ग रायगढ़ शहर को पुसौर क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की सतह मजबूत होने से इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। इसी तरह पुसौर-रेंगालपाली से लारा (छोटे हरदी) तक 11.23 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण के लिए 6 करोड़ 45 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इस मार्ग के बेहतर होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क और मजबूत होगा।

About The Author