जन संवाद-2.0: विशेष ग्राम सभा में विकसित भारत ग्राम संकल्प से जुड़े ग्रामीण
मुंगेली, 21 अगस्त 2026/sns/- जन संवाद-2.0 के तहत विकसित भारत ग्राम संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से लोरमी विकासखंड के ग्राम साल्हेघोरी और पथरिया विकासखंड ग्राम पकरिया में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों, श्रमिकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर ‘125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार’ की शपथ दिलाकर ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अधिकार और योजना के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। शपथ के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अवसर, अपने अधिकारों तथा ग्राम विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ लेने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे ने बताया कि जन संवाद-2.0 के तहत आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में ‘विकसित भारत ग्राम संकल्प’ की पांच गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को ग्राम विकास की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रयास किया गया। इनमें ‘मेरे गांव की प्राथमिकता-वोटिंग वॉल’, ‘125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार’ शपथ, ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’, ‘जनता पूछे-पंचायत बताए संवाद मंच’ तथा ‘तिरंगे के साथ विकास संदेश’ जैसी गतिविधियां शामिल हैं। ‘मेरे गांव की प्राथमिकता-वोटिंग वॉल’ के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव की प्रमुख आवश्यकताओं और विकास प्राथमिकताओं को सामने रखने का अवसर मिला। वहीं ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’ के माध्यम से ग्रामीणों से उनके सुझाव एवं विचार प्राप्त किए गए। इन सुझावों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप ग्राम विकास की कार्ययोजना तैयार करने में उपयोग किया जाएगा।