हरनाचाका-भठलीकला मार्ग की मरम्मत से आवागमन हुआ सुगम

मुंगेली, 24 अगस्त 2026/sns/- जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरनाचाका-भठलीकला मार्ग के मरम्मत कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग के खराब हो चुके हिस्सों की मरम्मत के लिए विशेष मरम्मत मद अंतर्गत प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसके बाद कार्य तेजी से पूरा किया गया। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि हरनाचाका से भठलीकला मार्ग के 1010 मीटर लंबे हिस्से का विशेष मरम्मत कार्य 96.80 लाख रुपये की लागत से संपन्न किया गया है।
लंबे समय से मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद अब क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। इस सड़क के सुधार से ग्रामीण अंचलों के लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए सड़कों के उन्नयन और रखरखाव के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग तथा जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

About The Author