समय पर जांच कैंसर से बचाव की मजबूत पहल
मुंगेली, 24 अगस्त 2026/sns/- कैंसर की समय पर पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय में 25 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक विशाल निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में बाल्को केैसर अस्पताल के विशेषज्ञों की टीम द्वारा सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं ओरल कैंसर की निःशुल्क जांच की जाएगी। शिविर की विशेषता अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कैंसर वैन भी होगी, जिसके माध्यम से आवश्यक स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गिरीश कुर्रे ने नागरिकों को कैंसर के संभावित संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर जांच कराने समझाइश दी है। ब्रेस्ट कैंसर के संभावित संकेतों में स्तन में गांठ, आकार या आकृति में बदलाव, निप्पल में बदलाव अथवा असामान्य स्राव शामिल हैं। वहीं सर्वाइकल कैंसर में असामान्य योनि रक्तस्राव, संभोग के बाद रक्तस्राव, असामान्य योनि स्राव अथवा पेल्विक दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा ने बताया कि मुंह में दो सप्ताह से अधिक समय तक घाव बने रहना, सफेद या लाल धब्बा, गांठ, लगातार दर्द अथवा निगलने में कठिनाई आदि समस्या होने पर भी जांच आवश्यक है।