महतारी वंदन की राशि से केशमती ने संजोया बेटी के सुनहरे भविष्य का सपना

मुंगेली 24 अगस्त 2026/sns/- शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का मजबूत आधार बन रही है। योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली 01 हजार रुपए की सहायता राशि परिवार के बेहतर भविष्य के लिए बचत और निवेश करने का अवसर दे रही है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम चकदा की रहने वाली श्रीमती केशमती बैगा ने योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि से अपनी बेटी के सुनहरे भविष्य का सपना संजोया है। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया है और प्रतिमाह मिलने वाली राशि को जमा कर रही है।
मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली केशमती ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता राशि का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने की पहल की है। उनका उद्देश्य आज मिलने वाली छोटी-सी आर्थिक सहायता को भविष्य की बड़ी सुरक्षा में बदलना है, ताकि उनकी बेटी की पढ़ाई और आगे की जरूरतों के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। केशमती के लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेटी के सपनों को सुरक्षित करने का जरिया बन गई है। नियमित रूप से मिलने वाली राशि ने उन्हें भविष्य के लिए बचत करने का आत्मविश्वास दिया है। उन्होंने योजना के संचालन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद स्थापित किया है।

About The Author