जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने किया उदयपुर विकासखण्ड का सघन दौरा

अम्बिकापुर, 27 अगस्त 2026/sns/-  जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने आज उदयपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत रिखी, पलका एवं जजगी का आकस्मिक निरीक्षण कर विकसित भारत जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं बिहान योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण कर रोजगारमूलक एवं आजीविका संवर्धन की गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए।

रिखी में आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण
ग्राम पंचायत रिखी में नवीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए सुश्री श्रीवास्तव ने भवन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वॉश बेसिन की ऊंचाई अधिक पाए जाने पर उसे बच्चों की सुविधा के अनुरूप नीचे करने के निर्देश दिए।

पलका में जल संरक्षण एवं आवास कार्यों का अवलोक
ग्राम पंचायत पलका में स्टेगर्ड कंटूर ट्रेंच, ब्रशवुड, बोल्डर चेकडैम एवं स्टोन गली प्लग सहित विभिन्न जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास एवं बालिका शौचालयों का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बिहान की दीदियों से चर्चा कर उनके द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।

जजगी में मॉडल स्कूल विकसित करने के निर्देश
ग्राम जजगी में जिला खनिज न्यास (DMF) से निर्मित माध्यमिक शाला का निरीक्षण करते हुए सुश्री श्रीवास्तव ने भवन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधायुक्त मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में अभिसरण पर विशेष जोर

निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सुश्री श्रीवास्तव ने कहा कि सभी विभागों के साथ अभिसरण कर विकास एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने वीबी जी राम जी, कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के साथ समन्वय कर अधिक से अधिक रोजगारमूलक एवं आजीविका संवर्धन के कार्य लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा अप्रारंभ आवासों को तत्काल शुरू कर 60 दिवस में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। 15वें वित्त के लंबित कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने कहा।

विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत स्वीकृत 59 बालिका शौचालय एवं 40 मुक्तिधामों को दो माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जल संरक्षण कार्यों में CLART मैप का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा मजदूरीमूलक कार्यों को प्राथमिकता से चिन्हांकित कर प्रस्ताव भेजने कहा गया। अमृत सरोवरों के आसपास पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्वच्छता संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए समर्थ पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन, स्वच्छ भारत मिशन के सामुदायिक शौचालयों को पूर्ण कराने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तथा मार्केट एरिया में सफाई शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बिहान योजना की समीक्षा के दौरान लखपति दीदियों को टेंट हाउस, किराना दुकान, बकरी पालन सहित विभिन्न गतिविधियों से जोड़ते हुए मल्टी-एक्टिविटी आधारित आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान जनपद पंचायत सीईओ, विकसित भारत जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की जिला टीम, तकनीकी अमला, सरपंच एवं सचिव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author