महतारी वंदन योजना बनी खुशियों का सहारा सुवासिनी बोलीं

जांजगीर-चांपा, 27 अगस्त 2026/sns/-जिले के विकासखंड नवागढ़ के ग्राम खोखरा निवासी श्रीमती सुवासिनी सूर्यवंशी के लिए महतारी वंदन योजना महज आर्थिक सहायता की योजना नहीं, बल्कि हर महीने नई उम्मीद, आत्मनिर्भरता और खुशियों का सहारा बन गई है। योजना के तहत मिलने वाली एक हजार रुपये की मासिक राशि का उन्हें बेसब्री से इंतजार रहता है। यह राशि परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।
इस बार रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले खाते में योजना की राशि पहुंचने से सुवासिनी की खुशी दोगुनी हो गई। उनके चेहरे पर त्यौहार की खुशी साफ झलक उठी। वे कहती हैं इस बार रक्षाबंधन के पहले ही विष्णु भैया ने हमारे खाते में एक हजार रुपये भेजकर त्यौहार की खुशी और बढ़ा दी। अब इन पैसों से अपने लिए साड़ी और राखी खरीदेंगे। हमारे लिए यह रक्षाबंधन पर भाई की ओर से मिला उपहार है।
श्रीमती सुवासिनी सूर्यवंशी बताती हैं कि वह महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग सोच-समझकर करती हैं। परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ वे राशि में से कुछ हिस्सा बचाकर अपनी बड़ी जरूरतों के लिए भी जोड़ रही हैं। उनके लिए यह आर्थिक सहायता आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया गया एक छोटा, लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। इससे त्यौहार की खुशी और बढ़ गई है। इसके लिए हम विष्णु भैया के प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई राह भी खोल रही है। सुवासिनी जैसी महिलाओं के लिए हर महीने मिलने वाली यह राशि उनकी रोजमर्रा की जरूरतों में सहारा बनने के साथ ही अपने सपनों और आवश्यकताओं को पूरा करने का भरोसा भी दे रही है।

About The Author