बहनों की तरक्की, परिवार की शान-विष्णु भैया का यही अभियान
दुर्ग, 27 अगस्त 2026/ sns/- रक्षाबंधन का त्यौहार पारिवारिक प्रेम और परस्पर सहयोग का प्रतीक है। मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली दुर्ग की श्रीमती कंचन राय के लिए इस बार का त्यौहार आर्थिक राहत और खुशियों की नई सौगात लेकर आया है। कंचन जी के परिवार में उनके दो बच्चे और पति हैं, जो एक प्राइवेट नौकरी करते हैं। एक सीमित आय वाले मध्यम वर्गीय परिवार में रोजमर्रा की छोटी-मोटी जरूरतों और विशेष रूप से त्योहारों के समय पारिवारिक खर्चों के लिए हमेशा बजट को काफी सोच-समझकर संतुलित करना पड़ता है। ऐसे में रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले प्रदेश सरकार की ’महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से मिलने वाली अग्रिम राशि उनके गृहस्थ जीवन में एक बड़ा सहारा सिद्ध हुई है।
श्रीमती कंचन राय सहर्ष बताती हैं ’’एक मध्यम वर्गीय परिवार की गृहिणी होने के नाते घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कई बार वित्तीय तंगी का सामना करना पड़ता था। लेकिन इस योजना से मिलने वाली राशि से हमें बहुत सहायता मिल रही है। इस बार तो रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हमारे ’विष्णु भैया’ ने त्यौहार की तैयारियाँ शुरू होने से पहले ही किस्त की राशि हस्तांतरित कर दी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने एक सच्चे भाई का फर्ज निभाते हुए यह स्नेह रूपी उपहार भेजा है, जिससे मैं त्यौहार के अवसर पर अपने परिवार और बच्चों की खुशियों के लिए बिना किसी संकोच के खर्च कर पा रही हूॅं।‘‘ कंचन जी का कहना है मुख्यमंत्री विष्णु भैया की इस संवेदनशील पहल ने बहनों के आत्मसम्मान को बढ़ाया और मध्यम वर्गीय परिवारों की तरक्की और खुशहाली का नया मार्ग भी प्रशस्त किया है।