शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र नायक ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं पर ली समीक्षा बैठक
अम्बिकापुर, 27 अगस्त 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र नायक 25 एवं 26 अगस्त 2026 को सरगुजा जिले के दो दिवसीय प्रवास पर रहे। उनके साथ बोर्ड के सदस्य श्री बसंत पटेल, श्री प्रेम पटेल, श्री प्रेमलाल पटेल एवं श्री संतोष पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रवास के दौरान उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी अम्बिकापुर एवं फुली आटोमेटिक प्लग टाईप सीडलिंग यूनिट का निरीक्षण किया। ततपश्चात उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं कृषकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप संचालक उद्यान श्री हितेन्द्र कुमार मेश्राम द्वारा जिले में संचालित उद्यानिकी योजनाओं, फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा कृषकों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने की जानकारी दी गई। अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा लाभान्वित कृषकों से योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की गई। श्री नायक ने कहा कि जिले में उद्यानिकी विभाग के कार्यों की प्रगति बेहतर पाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को छोटे एवं सीमांत कृषकों को उद्यानिकी फसलों के लिए निरंतर प्रोत्साहित करने तथा नवीन कृषकों को विभागीय योजनाओं का नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही उत्पादित उद्यानिकी फसलों के लिए उचित बाजार एवं बेहतर विपणन व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा, जिससे कृषकों की आय में वृद्धि हो सके तथा उद्यानिकी क्षेत्र को और सुदृढ़ किया जा सके। बैठक के अंत में विभागीय अधिकारियों द्वारा जिले में उद्यानिकी विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई।