जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ी एवं राज्य स्तरीय मल्लखम्ब के विजेता खिलाडियो को कलेक्टर ने किया सम्मानित
बलौदाबाजार,1 सितम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा माह अगस्त 2026 में प्रदेश के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। इनमें जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के 3 खिलाड़ी गौरव डहरिया (सॉफ्टबॉल), स्वर्गीय श्री दिलीप कुमार साहू (व्हीलचेयर फेंसिंग) तथा सुश्री स्वाती साहू (कयाकिंग-कैनोइंग) शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया और उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दीं।
कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बताया कि शासकीय सेवा में नियुक्ति करने की नीति, 2007 के प्रावधानों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के विभिन्न शासकीय विभाग में सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति पात्रता होगी। उन्होंने हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया।
इसी अवसर पर 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, जांजगीर-चांपा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के मल्लखम्ब खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 11 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 01 स्वर्ण, 02 रजत एवं 02 कांस्य पदक अर्जित कर प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इनमे से 3 खिलाडी नेशनल के लिये भी चयनित हुए है।
कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले के लिए गौरव का विषय है।
क्रमांक /4