नए आंगनबाड़ी भवन से बच्चों को मिली बेहतर सुविधाएं

अम्बिकापुर, 05 सितम्बर 2026/sns/-    विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिसरण से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बेहतर अधोसंरचना विकसित की जा रही है। इसी क्रम में अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सपना के झोझया पारा धनगवां में कुल 11.69 लाख रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें प्रति भवन 3.69 लाख रुपए महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिसरण से तथा शेष 8 लाख रुपए वीबी-जी राम जी के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं।

नए भवन के निर्माण से आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। पहले आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवन में संचालित होता था, जहां सीमित स्थान और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में कार्यकर्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नए भवन में पर्याप्त स्थान, अलग-अलग कमरों सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से आंगनबाड़ी की गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही हैं।

चार कमरों वाले नए भवन से बच्चों को मिला बेहतर सीखने का माहौल
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला ने बताया कि पहले केंद्र किराये के भवन में संचालित होता था, जहां केवल एक कमरा उपलब्ध था। उसी कमरे में सहायिका द्वारा भोजन तैयार किया जाता था और बच्चों को पढ़ाया-लिखाया जाता था। इससे बच्चों के लिए सीखने और खेलने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता था तथा कार्यकर्ताओं को भी बैठने और अन्य गतिविधियां संचालित करने में कठिनाई होती थी।

उन्होंने बताया कि नए भवन में चार कमरे हैं। भवन में बच्चों के लिए बेहतर वातावरण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग से केंद्र का वातावरण भी बच्चों के अनुकूल बनाया गया है। इससे बच्चे खुशी-खुशी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचते हैं और उत्साहपूर्वक सीखने-पढ़ने की गतिविधियों में शामिल होते हैं।

पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिल रहा लाभ
आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों को गरम भोजन एवं रेडी-टू-ईट उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी निर्धारित पोषण सामग्री प्रदान की जाती है। कार्यकर्ता एवं सहायिका शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

केंद्र में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के प्रति भी जागरूकता एवं उत्साह बढ़ाया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी जाती है।

मूलभूत सुविधाओं से कार्यकर्ताओं को मिली राहत
श्रीमती उर्मिला ने बताया कि पहले किराये के भवन में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और एक ही कमरे में भोजन बनाने तथा बच्चों को पढ़ाने का कार्य किया जाता था। इससे कई प्रकार की व्यावहारिक दिक्कतें आती थीं। नए भवन में शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से कार्यकर्ताओं को सुविधाजनक वातावरण मिला है।

उन्होंने कहा कि नए भवन से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण में सीखने का अवसर मिल रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों को भी व्यवस्थित रूप से संचालित करने में मदद मिल रही है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला ने नए भवन के निर्माण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की पहल से आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प हो रहा है और इसका सीधा लाभ बच्चों तथा माताओं को मिल रहा है।

About The Author