शासकीय हाई स्कूल नीलावरम में गणित अतिथि शिक्षक की भर्ती शुरू
सुकमा, 04 सितम्बर 2026/sns/- जिले के शासकीय हाई स्कूल नीलावरम में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए गणित विषय के अध्यापन को सुदृढ़ करने हेतु अतिथि शिक्षक (व्याख्याता) की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिला कलेक्टर के अनुमोदन के तहत जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) मद से इस पद पर स्थानीय पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
विभागीय जानकारी के मुताबिक, जिले के हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विभिन्न विषयों के 12 व्याख्याता पदों पर अतिथि शिक्षकों की चयन प्रक्रिया संचालित की गई थी। इस प्रक्रिया के दौरान शासकीय हाई स्कूल नीलावरम में गणित व्याख्याता का एक पद रिक्त रह गया था। विद्यालय में अध्यापन कार्य सुचारू बनाए रखने और छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस एकल रिक्त पद के लिए पुनः आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इच्छुक एवं निर्धारित योग्यताधारी स्थानीय अभ्यर्थी अपना पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र स्वयं उपस्थित होकर संबंधित विद्यालय के प्राचार्य के समक्ष जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 की शाम 4ः00 बजे तक निर्धारित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।