कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण दिलाने 15 से 17 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में दिव्यांग सहायता शिविर  आयोजित

बीजापुर, 7 सितंबर 2026/sns/-बस्तर संभाग में नक्सली हिंसा के कारण आईईडी विस्फोट सहित विभिन्न घटनाओं में बड़ी संख्या में आम नागरिक दिव्यांग हुए हैं। ऐसे दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में 15 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला कलेक्टर (समाज कल्याण) जिला बीजापुर द्वारा जारी निर्देश में जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शिविर का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें कृत्रिम हाथ-पैर, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, स्मार्ट छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है, उन्हें आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
ग्राम एवं वार्ड स्तर पर तैयार होगी सूची
जारी निर्देश के अनुसार जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में ऐसे दिव्यांगजनों की पहचान कर उनकी सूची निर्धारित प्रपत्र में तैयार की जाएगी, जिन्हें कृत्रिम अंग अथवा अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है। संबंधित सूची 05 दिवस के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर ग्रामवार एवं वार्डवार दिव्यांगजनों की जानकारी और पंजी संधारित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन योजना के लाभ से वंचित न रहे।

About The Author