दिव्यांग विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन 30 सितंबर तक
मुंगेली, 07 सितंबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए विद्यार्थी जिला कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय समाज कल्याण विभाग कक्ष क्रमांक 141 में कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते हैं।
समाज कल्याण विभाग ने उपसंचालक ने बताया कि विद्यार्थियों का आवेदन तभी पूर्ण माना जाएगा, जब संबंधित विद्यालय अथवा संस्था का एनएसपी पोर्टल पर पंजीयन हो। संस्था के पंजीयन के बिना विद्यार्थियों के आवेदन अधूरे रह जाएंगे। विभाग ने जिले के सभी पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर और कक्षा 11वीं या 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 10वीं कक्षा की अंकसूची, रोल नंबर, वर्ष, बोर्ड का नाम एवं प्राप्त प्रतिशत आदि जानकारी आवश्यक है।