पूज्य सिंधी पंचायत एवं कॉलोनी नगर द्वारा 203 मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन

राजनांदगांव, 6 सिंतबर 2026/sns/-पूज्य सिंधी पंचायत हेमू कॉलोनी नगर के तत्वावधान में शिक्षक सम्मान एवं मेधावी विद्यार्थी अभिनंदन समारोह का गरिमामय आयोजन स्व सुरेश डुलानी की स्मृति मे डुलानी परिवार द्वारा सम्पन्न हुआ । समारोह में कक्षा एक .से 12 तक के 90% लाने वाले 203 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। समाज मे डाक्टर सीए इंजनियर एवं विशेष उपलब्धि वाले बच्चो को भी मोमेंडो एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर उनकी प्रतिभा और मेहनत को प्रोत्साहित किया गया। समारोह में सहयोगी रहे डुलानी परिवार का संत जी द्वारा विशेष रूप से सम्मान किया गया ।

समारोह के मुख्य अतिथि शदाणी दरबार के शिरोमणि संत युधिष्ठिर लाल जी रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में सिंधी अकादमी की अध्यक्ष सुषमा जेठानी जी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख जी तथा संत उदयलाल शदाणी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भगवान झूलेलाल जी के स्मरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

परिवार ही बच्चों की पहली पाठशाला : संत युधिष्ठिर लाल

मुख्य अतिथि संत युधिष्ठिर लाल जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ माता-पिता और परिवार के संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि परिवार व्यवस्था हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति है। बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपने संस्कार, संस्कृति और परंपराओं से भी जोड़े रखना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा प्राप्त करने की कोई उम्र नहीं होती उन्होंने भी पिछले 10 सालों में चार डिग्रियां उतीर्ण की है, सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। वास्तविक सफलता अच्छे संस्कार, अनुशासन, चरित्र, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने में है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया।

आईपीएस सहित बड़े लक्ष्य निर्धारित करें विद्यार्थी : सुषमा जेठानी

विशेष अतिथि छतीसगढ सिंधी अकादमी की अध्यक्ष सुषमा जेठानी जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रशासनिक सेवाओं सहित आईपीएस अधिकारी बनने का लक्ष्य रखने और उसके लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
,समाज एवं व्यापार जगत से मेरा पुराना आत्मीय संबंध : खूबचंद पारख

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री खूबचंद पारख जी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिंधी समाज और व्यापारिक समुदाय से उनका वर्षों पुराना आत्मीय एवं निकट संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि समाज ने हमेशा शिक्षा, व्यापार, सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
निरंतर प्रगति कर रहे छात्र – अर्जुनदास पंजवानी
पंचायत के वरिष्ठ सलाहाकार अर्जुनदास पंजवानी ने कहा कि समाज के बच्चे निरंतर प्रगति कर रहे है,उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का गौरव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र की प्रगति से जोड़ें तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण में करें।

समाज के लिए प्रेरणादायी पहल : मन्नुमल मोटलानी

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूज्य सिंधी पंचायत एवं कॉलोनी नगर के अध्यक्ष मन्नुमल मोटलानी जी ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज की ओर से उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन देने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम का सफल संचालन अमर लालवानी, प्रोफेसर आशानंद माखीजा, गिरधारी पंजवानी एवं अर्जुन गंगवानी, नितिन बत्रा द्वारा किया गया । आभार प्रदर्शन महासचिव हरीश मोटलानी ने किया । अंत मे वरिष्ठ सलाहाकार आवतराम तेजवानी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना एवं समाज की एकता, शिक्षा और संस्कारों को आगे बढ़ाने के संकल्प के समापन की घोषणा की । कार्यक्रम मे प्रमुख रूप से पकंज जेठानी सहित कार्यकारणी सदस्यो का सहयोग प्राप्त हुआ । इस अवसर पर प्रमुख रूप से डा एम डी डुलानी आवतराम तेजवानी, अर्जुनदास पंजवानी, गुरमुखदास वाधवा,घनश्यामदास गंगवानी, मनुमल मोटलानी ब्रह्मानंद बजाज,राजा मखीजा विजय गंगवानी, रवि डुलानी,उपस्थित थे।

About The Author