17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
मुंगेली, 08 सितंबर 2026/sns/- जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में 17 सितंबर से प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
आगामी धान खरीदी को लेकर कलेक्टर ने जिले के उपार्जन केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बारदाना उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, किसानों के पंजीयन तथा उपार्जन केंद्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के साथ ही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों द्वारा न्यायालयीन प्रकरणों की गंभीरता से मॉनिटरिंग की जाए। बीईएमएल से संबंधित भू-अर्जन एवं अन्य भू-प्रकरणों में भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने वीबी-जी राम जी योजना के संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में निक्षय मित्र अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए जनजागरूकता एवं प्रेरणा संबंधी गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नियमित निरीक्षण तथा गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्रेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों का पंजीयन समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नामांतरण, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विवादित एवं अविवादित प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने पीजी पोर्टल एवं सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।