जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं
मुंगेली, 08 सितंबर 2026/sns/- आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें शासन-प्रशासन तक अपनी बात सीधे पहुंचाने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, पेंशन, विद्युत, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में ग्राम पंचायत सुरदा की कौशल्या पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवास की दूसरी किस्त दिलाने, ग्राम चारभाठा के ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने, रामगोपाल तिवारी वार्ड के संतोष पाठक ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने की मांग रखी।
इसी तरह ग्राम बैजना के पुनेश्वर साहू ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण दिलाने, ग्राम चमारी की अमेरिका जांगड़े ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर दिलाने तथा ग्राम नुनियाकछार के संदीप मिरे ने घर के आंगन में लगे विद्युत पोल को स्थानांतरित कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम मोतीमपुर के महेश पात्रे ने अपने बच्चों के जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने, ग्राम अमोरा की दीपा बाई डड़सेना ने निरस्त राशन कार्ड को पुनः जारी कराने तथा ग्राम जरहागांव के कमलेश कश्यप ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने एवं अपने स्वर्गीय पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन दिया। वहीं ग्राम केसलीकला के दयाराम सतनामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम चंदखुरी के विनय मसीह ने 100 किलोवाट का ट्रांसफार्मर लगाने तथा ग्राम फरहद की गोमती बाई पात्रे ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन दिलाने की मांग रखी। इसके अलावा अन्य नागरिकों ने भी अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही एवं पात्र प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।