समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
मुंगेली, 15 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कार्यालय के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों में पारित निर्णयों के पालन की स्थिति तथा विचाराधीन प्रकरणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करें तथा आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने किसान पंजीयन की प्रगति, खरीदी केन्द्रों की तैयारियों तथा संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों का पंजीयन समय सीमा में पूर्ण हो तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी सतत निगरानी रखें। बैठक में कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन एवं खाद्यान्न भंडारण की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर सीएमओ लोरमी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए विभागीय योजनाओं, लंबित कार्यों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के लिए ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों की ई-केवाईसी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण करने को कहा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गति बनाए रखने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।