सुकमा में 17 सितंबर को प्रज्ज्वलित होंगे ‘आशीर्वाद के 1 लाख दीप’

सुकमा, 16 सितम्बर 2026/sns/- जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को सुदूर वनांचल तक जीवंत करने के लिए जिला प्रशासन सुकमा द्वारा 17 सितंबर को “सेवा संकल्प अभियान“ के अंतर्गत भव्य ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की ऐतिहासिक एवं निष्काम सार्वजनिक सेवा यात्रा को समर्पित इस अभियान के तहत पूरे जिले में एक साथ 1 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। प्रशासन ने इस पुनीत अवसर को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए कमर कस ली है, जिससे जिले भर में उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार और नोडल अधिकारी जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलास्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
कार्यक्रम का भव्य मुख्य आयोजन सुकमा स्थित मिनी स्टेडियम में संपन्न होगा, जहां शाम 7 बजे एक साथ 25 हजार दीपों की स्वर्णिम आभा पूरे परिसर को आलोकित करेगी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने इस जिलास्तरीय आयोजन की सभी तैयारियां चाक-चौबंद कर ली हैं। इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मुख्य आयोजन के साथ-साथ जिले के प्रमुख मंदिरों, ऐतिहासिक चौक-चौराहों, पंचायत भवनों, पीडीएस केंद्रों, अमृत सरोवरों और तुंगल डैम जैसी सार्वजनिक धरोहरों पर भी एक साथ सामूहिक दीप जलाए जाएंगे।
जिले के अंतिम छोर तक इस संदेश को पहुंचाने के लिए प्रशासन ने विकासखंडवार सुनियोजित कार्ययोजना तैयार की है। ग्रामीण अंचलों में 1 लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके अंतर्गत सुकमा विकासखंड में लगभग 40 हजार तथा छिंदगढ़ व कोंटा में 30-30 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। शाम 5 बजे से ही स्थलों की साज-सज्जा, बैठक व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होगी, वहीं 6 से 6ः30 बजे के बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की दीदियों और आम नागरिकों की सहभागिता से आकर्षक रंगोलियां सजाई जाएंगी। शाम 7 बजे एक साथ जलने वाली दीपों की यह कतार सेवा, समर्पण और विकास के प्रकाश को हर चौखट तक पहुंचाएगी।
कलेक्टर ने जिले के प्रत्येक नागरिक से भावनात्मक अपील करते हुए कहा है कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि विकास और सुशासन के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी जिलेवासियों, व्यापारियों और युवाओं से ‘हर घर एक दीया’ जलाकर अपने घरों, प्रतिष्ठानों व आस-पास के सार्वजनिक स्थलों को रोशन करने और इस ऐतिहासिक जनअभियान में सहभागी बनकर सकारात्मक बदलाव का साक्षी बनने का आह्वान किया है।

About The Author