डेयरी व्यवसाय ने बदली दीपक की जिंदगी, आज सफल उद्यमी बनकर रच रहे आत्मनिर्भरता की कहानी

मुंगेली, 17 सितंबर 2026/sns/- मेहनत, लगन और सही अवसर मिले तो गांव में रहकर भी आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई जा सकती है। इस बात को चरितार्थ किया है पथरिया विकासखण्ड के ग्राम बदरा ठा. निवासी श्री दीपक कुमार यादव। कभी रोजगार के सीमित अवसरों के बीच आगे बढ़ने की तलाश कर रहे दीपक ने डेयरी उद्यमिता योजना का लाभ लेकर डेयरी व्यवसाय शुरू किया और आज सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। दीपक कुमार यादव ने डेयरी व्यवसाय शुरू करने के उद्देश्य से डेयरी उद्यमिता योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान राशि पर ऋण प्राप्त किया। इस वित्तीय सहयोग ने उनके लिए डेयरी व्यवसाय शुरू करने का रास्ता आसान किया। उन्होंने पशुपालन एवं डेयरी को व्यवस्थित व्यवसाय के रूप में अपनाते हुए मेहनत और निरंतर देखभाल के साथ अपने उद्यम को आगे बढ़ाया।
शुरुआत में एक छोटे व्यवसाय के रूप में शुरू की गई डेयरी आज उनके लिए स्थायी आय और आर्थिक मजबूती का माध्यम बन चुकी है। दीपक ने पशुपालन के साथ व्यवसायिक सोच अपनाते हुए अपनी आय को बेहतर किया और धीरे-धीरे अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया। डेयरी व्यवसाय से मिली आर्थिक मजबूती का उपयोग दीपक ने अपनी संपत्ति और आजीविका के विस्तार में किया। आज उन्होंने 02 से 03 एकड़ कृषि भूमि भी ली है। इससे डेयरी के साथ कृषि गतिविधियों को जोड़कर अपनी आजीविका को और मजबूत करने का अवसर मिला है। डेयरी व्यवसाय की सफलता से उन्होंने कार भी खरीदी, जो उनके आर्थिक बदलाव और बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रतीक बना। इसके लिए उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

About The Author