119 अमृत सरोवरों और आजीविका डबरियों में जगमगाया ‘आशीर्वाद दीप’, लिया जल संरक्षण का संकल्प

मुंगेली, 18 सितंबर 2026/sns/- जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनभागीदारी और सेवा भावना का अनूठा संदेश देखने को मिला। विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत निर्मित जिले के 119 अमृत सरोवरों एवं हितग्राही आजीविका डबरियों में ‘आशीर्वाद दीप’ प्रज्ज्वलित किए गए। विभिन्न ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों, हितग्राहियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जल संरचनाओं के संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अमृत सरोवरों एवं आजीविका डबरियों को दीपों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया। रंगोलियों के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी से सजे जलाशय ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक एकजुटता और प्रकृति संरक्षण के संकल्प के प्रतीक बने। अमृत सरोवर और आजीविका डबरी केवल जल संग्रहण की संरचनाएं नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा, कृषि और आजीविका को मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण परिसंपत्तियां हैं। इनके माध्यम से वर्षा जल के संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर कृषि एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान शासन की योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। अमृत सरोवर और आजीविका डबरी ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा के साथ कृषि एवं आजीविका को मजबूती प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण परिसंपत्तियां हैं। इनका संरक्षण पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है।” उन्होंने जिलेवासियों से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने कहा कि अमृत सरोवर एवं आजीविका डबरियां ग्रामीणों के लिए उपयोगी जल एवं आजीविका संसाधन हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन परिसंपत्तियों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इनके संरक्षण और बेहतर उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन और रंगोली जैसे कार्यक्रम ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता के साथ अपनत्व की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीणों से इन जल संरचनाओं के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का अपील किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं हितग्राहियों ने अमृत सरोवर एवं आजीविका डबरियों की स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित देखरेख में सहयोग करने का संकल्प लिया। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचा। जिलेभर में आयोजित इस कार्यक्रम से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण बना और ‘सेवा से संकल्प, संकल्प से विकास’ की भावना को नई मजबूती मिली। 119 अमृत सरोवरों और आजीविका डबरियों में प्रज्ज्वलित दीप ग्रामीणों के लिए जल संरक्षण और सतत विकास के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने।

About The Author