चक्रधर समारोह: अनुराग शर्मा ने बिखेरी सुरों की मिठास, छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर झूमे दर्शक

रायगढ़, 18 सितम्बर 2026/sns/- 41 वें चक्रधर समारोह की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े लोकप्रिय गायक, संगीतकार एवं अभिनेता अनुराग शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज से लोकसंगीत की मनमोहक छटा बिखेरी। छत्तीसगढ़ी बोली, लोकधुन और माटी की खुशबू से सजे एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति ने समारोह के मंच को जीवंत कर दिया। अनुराग शर्मा के मधुर स्वरों के साथ दर्शक भी सुर और ताल में डूबे नजर आए। उनकी मधुर आवाज, भावपूर्ण गायन और छत्तीसगढ़ी लोकधुनों की मिठास ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के साथ कई सुपरहिट हिंदी गाने भी गाए। उनके गीतों पर दर्शक तालियों के साथ झूमते हुए नजर आए।

गायन के साथ संगीत और अभिनय में भी बनाई पहचान

अनुराग शर्मा छत्तीसगढ़ी कला और संगीत जगत के बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार हैं। गायन के साथ उन्होंने संगीत और अभिनय के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। अब तक उनकी 500 से अधिक लाइव प्रस्तुतियां हो चुकी हैं और उनके 1000 से अधिक गीत रिकॉर्ड किए जा चुके हैं। फिल्म एवं एल्बम के लिए उन्हें 11 बार बेस्ट प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। अनुराग शर्मा ने छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत को देश के साथ अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पहचान दिलाई है। उन्होंने अमेरिका के शिकागो में छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर अपनी कला का प्रदर्शन किया है।

About The Author