जिला रोजगार कार्यालय के मार्गदर्शन ने छात्र से देशसेवा तक की राह आसान की

कवर्धा, 21 सितंबर 2026/sns/- मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो युवाओं के सपनों को नई दिशा मिल सकती है। कबीरधाम जिले के ग्राम बेंदरची, तहसील बोड़ला निवासी युवा विदेश पटेल, पिता श्री जोहलाल पटेल, ने जिला रोजगार कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ लेकर भारतीय थलसेना में अग्निवीर जीडी के पद पर चयनित होकर देशसेवा की राह चुनी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को उनके सपनों और लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए शासन की योजनाओं, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
विदेश पटेल बताते हैं कि अग्निवीर बनने से पहले वे अध्ययनरत छात्र थे। समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से उन्हें अग्निवीर भर्ती रैली की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन के पश्चात जिला रोजगार कार्यालय, कबीरधाम द्वारा लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विदेश पटेल ने पूरी मेहनत और लगन के साथ लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी की। भर्ती प्रक्रिया के निर्धारित सभी मापदण्डों को पूरा करते हुए उनका चयन भारतीय थलसेना में अग्निवीर जीडी के पद पर हुआ। उन्होंने 24 अप्रैल 2025 को कार्यभार ग्रहण किया और वर्तमान में मथुरा, उत्तरप्रदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विदेश पटेल अपने चयन का श्रेय जिला रोजगार कार्यालय, कबीरधाम द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं निःशुल्क प्रशिक्षण को देते हैं। वे प्रशिक्षण से जुड़े प्रशिक्षक श्री दशरथ साहू एवं सुश्री रीना शर्मा के प्रति भी आभार व्यक्त करते हैं।
विदेश पटेल का कहना है कि जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं को भर्ती परीक्षाओं के लिए दिया जा रहा निःशुल्क प्रशिक्षण उनके जैसे अनेक युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि यह कार्यक्रम निरंतर जारी रहे, ताकि कबीरधाम जिले के अधिक से अधिक इच्छुक युवा प्रशिक्षण का लाभ लेकर देशसेवा के क्षेत्र में अपना स्थान बना सकें।

About The Author