जनदर्शन: कलेक्टर ने समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण के दिए निर्देश
मुंगेली, 22 सितंबर 2026/sns/- आम नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो को अवगत कराया। ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को गंभीरतापूर्वक लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने तथा पात्रता के अनुसार प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम झलियापुर की श्रीमती आरती राजपूत ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी तरह ग्राम छाता के श्री मिलन जांगड़े ने गांव में पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए आवेदन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने का आग्रह किया। ग्राम गोरखपुर की श्रीमती पूजा कर्माकर ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम पुरान के श्री रामपुरी साहू ने गांव में अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग रखी, ताकि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समाधान हो सके। ग्राम पौनी के श्री सोनदास बर्मन ने वार्ड क्रमांक-3 में सीसी रोड निर्माण कराने संबंधी आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सीसी रोड निर्माण से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों से आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े आवेदनों का निराकरण नियमानुसार एवं समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।