सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन
बीजापुर, 23 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान के तहत आगामी शुक्रवार 25 सितम्बर 2026 विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय बीजापुर में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। यह अभियान कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बीजापुर श्रीमती नम्रता चौबे के निर्देशन तथा डॉ. बीआर पुजारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रक्त कोष को सुदृढ़ करने के उद्ेदश्य से किया जा रहा है। शिविर का मुख्य उदेद्श्य जिले के रक्त कोष को पर्याप्त एवं सुदृढ़ बनाना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। विशेष रूप से गर्भवती माताओं, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, दुर्घटना से पीड़ित व्यक्तियों तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार में रक्त की उपलब्धता अत्यंन्त महत्वपूर्ण होती है। जिला प्रशासन ने जिले के शासकीय कर्मचारियों, युवाओं, व्यापारियों, पत्रकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहभागी बनने की अपील की गई है। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशासन की ओर से सम्मान पत्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।