मां के पोषण से बच्चे के भविष्य तक प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना बनी मजबूत सहारा
सुकमा, 23 सितम्बर 2026/sns/- केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुदूर अंचलों तक पहुंचने से माताओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। सुकमा नगर पालिका परिषद के मस्तानपारा निवासी श्रीमती नेहा कश्यप प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से लाभान्वित होकर ऐसी ही बदलाव की मिसाल बनी हैं। योजना के तहत उन्हें पहले शिशु के लिए 5 हजार रुपये तथा दूसरे शिशु के रूप में बालिका के जन्म पर 6 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हुई। नेहा ने इस राशि का उपयोग गर्भावस्था और प्रसव के दौरान पौष्टिक आहार, दवाइयों तथा बच्चे की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल संभव हुई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना से मिली आर्थिक सहायता ने नेहा के परिवार को तत्काल जरूरतों के साथ भविष्य के लिए भी संबल दिया है। नेहा बताती हैं कि आवश्यक खर्च के बाद बची राशि को उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए सुरक्षित रखा है। उनके लिए यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि मातृत्व के कठिन समय में परिवार के अतिरिक्त सहारे की तरह साबित हुई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से सरकार द्वारा गर्भवती एवं धात्री माताओं को सीधे डीबीटी के जरिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर पोषण, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा को मजबूती दी जा रही है। सुकमा जैसे दूरस्थ जिले में योजना का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचना शासन की योजनाओं की प्रभावी पहुंच और जमीनी क्रियान्वयन को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से सरकार का प्रयास माताओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संबल देने के साथ शिशु के जीवन की मजबूत शुरुआत सुनिश्चित करना है। सुकमा में नेहा कश्यप जैसी हितग्राहियों के अनुभव इस पहल के मानवीय प्रभाव को सामने लाते हैं। शासन की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता से आज जरूरतमंद परिवारों को सीधे आर्थिक सहायता मिल रही है और माताओं को अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की चिंता के साथ उसे संवारने का अवसर भी मिल रहा है। नेहा कश्यप की कहानी इस बात की तस्वीर पेश करती है कि जब सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचता है, तो आर्थिक सहायता भविष्य के सपनों की मजबूत नींव बन जाती है।