11वें आयुर्वेद दिवस और ‘सेवा संकल्प अभियान

बलौदाबाजार,23 सितम्बर 2026/sns/- 11वें आयुर्वेद दिवस एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जिलेभर में विभिन्न जन-जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति ‘आयुर्वेद’, योग और प्राकृतिक दिनचर्या को आमजन के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना रहा।

कार्यक्रम की श्रृंखला में जिले के विभिन्न स्थानों पर औषधीय पौधों का रोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और औषधीय वनस्पतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके। इसके साथ ही, आयुष विभाग द्वारा विशेष आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, जांच और औषधियां प्रदान की गईं। मानसिक और शारीरिक आरोग्य के लिए प्रातकाल योग एवं ध्यान (मेडिटेशन) सत्रों का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्वक सहभागिता देखने को मिली। जागरूकता सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को आयुर्वेद के सिद्धांतों, दिनचर्या पालन और जंक फूड से दूरी बनाकर संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं और सही जानकारी पहुंचाना प्राथमिकता रही। कार्यक्रमों के जरिए यह संदेश दिया गया कि आयुर्वेद केवल रोगों का उपचार नहीं, बल्कि एक पूर्ण स्वस्थ जीवनशैली जीने की कला है। नियमित योग, ध्यान और आयुर्वेदिक सिद्धांतों को अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है।

About The Author