आयुर्वेद से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ता बीजापुरः 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस प
बीजापुर, 24 सितम्बर 2026/sns/- 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला आयुष कार्यालय एवं पॉलीक्लिनिक बीजापुर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विश्वदीप, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी, आयुर्वेद चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री विश्वदीप ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, संतुलित आहार-विहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जानकारी दी। डॉ. ओबेद शेख ने वातव्याधि के कारण, लक्षण एवं आयुर्वेदिक उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. सीताराम जेना ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं स्थूलता जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के आयुर्वेदिक सिद्धांतों तथा उनसे बचाव के उपाय बताए।
योग, व्यायाम और संतुलित दिनचर्या अपनाने की अपील
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार-विहार के साथ योग और नियमित व्यायाम को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से खान-पान एवं दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली से अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
सीएमएचओ डॉ. बी.आर. पुजारी ने किशोरियों के स्वास्थ्य एवं भविष्य की सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि एचपीवी टीकाकरण भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
औषधीय प्रदर्शनी का अवलोकन, औषधीय वाटिका में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं अतिथियों ने श्री बी. राव गोड़बोले द्वारा लगाई गई आयुर्वेदिक औषधि प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित औषधीय पौधों एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा सामग्री की जानकारी ली तथा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
पॉलीक्लिनिक के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विश्वदीप ने विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया और डॉ. ओबेद शेख द्वारा मरीज को दी जा रही आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति का अवलोकन किया। उन्होंने पॉलीक्लिनिक परिसर स्थित औषधीय उद्यान में लीची एवं आम के पौधों का रोपण किया तथा औषधीय वाटिका को और अधिक विकसित करने के निर्देश दिए।
निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर में 140 लोगों को मिला लाभ
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेद पद्धति से 76 तथा होम्योपैथी से 64 लोगों, कुल 140 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान एवं बचाव के लिए एनसीडी क्लिनिक के माध्यम से एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा 22 लोगों का बीपी एवं शुगर परीक्षण किया गया। आयुष विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आयुर्वेद एवं अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।