योग से स्वस्थ जीवन का संकल्पः 260 आवासीय विद्यालयों में 30 हजार विद्यार्थियों ने सीखे स्वास्थ्य के गुर

बीजापुर, 24 सितंबर 2026/sns/- ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत जिले के आवासीय विद्यालयों एवं आश्रम छात्रावासों में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सामूहिक योग शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे के निर्देशानुसार जिले के 260 पोर्टा केबिन एवं आश्रम छात्रावासों में आयोजित योग शिविरों में करीब 30 हजार विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शिविरों में विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ और मन को एकाग्र रखने के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के साथ संतुलित आहार, स्वच्छता, पर्याप्त नींद और अनुशासित दिनचर्या अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया और स्वस्थ रहने के महत्वपूर्ण गुर सीखे। शिविर का उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा योग को उनकी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना रहा।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित इस पहल के माध्यम से आवासीय विद्यालयों एवं आश्रम छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तक “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ जीवन” का संदेश पहुंचाया गया। नियमित योगाभ्यास के जरिए विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण रही।

About The Author