सेवा संकल्प अभियान: किसानों को मिली बड़ी सौगात, जिले में खुलेंगे 16 नए धान खरीदी केंद्र
मोहला, 24 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसुविधाओं के विस्तार और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिले में 16 नए धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति मिली है। नए केंद्रों के शुरू होने से जिले के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित धान खरीदी केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे किसानों के समय, श्रम और परिवहन लागत में कमी आएगी तथा धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। जो शासन की सेवा की कहानी को प्रदर्शित करती नजर आ रही है।
जिले में किसानों की स्थानीय आवश्यकता और लगातार बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026-27 के लिए मोहला विकासखंड में 5, मानपुर में 5 तथा अंबागढ़ चौकी में 6 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे। जिनमें कनेरी,वासड़ी, माडिंगपिडिंग भुर्सा, आलकन्हार, कुम्हली, टोहे, भावसा, दिघवाड़ी, कांदाडी, गौलीटोला, दाउटोला, चिखली, अरजकुण्ड, कोरचाटोला, मुड़पार एवं उमरपाल शामिल है। सभी नए केंद्रों के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। इस प्रकार जिले में पहले से संचालित 27 धान खरीदी केंद्रों के साथ किसानों को कुल 43 केंद्रों के माध्यम से धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध होगी।
नए धान खरीदी केंद्रों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज लेकर पुराने केंद्रों तक लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी। किसानों को धान बेचने के लिए लाइन में लगकर लंबे समय तक इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और सुगम होगी।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं को आम नागरिकों तक सुगम तरीके से पहुंचाना है। इसी क्रम में जिले में किसानों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 16 नए धान खरीदी केंद्रों की सौगात जनहित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सुविधाओं की पहुंच बढ़ेगी और किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलेगी।
वासडी निवासी किसान श्री बिजेंद्र ने कहा कि ग्राम वासडी में नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने से अब उन्हें धान बेचने के लिए भोजटोला धान खरीदी केंद्र तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पहले अधिक दूरी होने के कारण ट्रैक्टर और मालवाहक वाहनों से धान ले जाना पड़ता था, जिससे समय और परिवहन का अतिरिक्त खर्च होता था। अब खरीदी केंद्र गांव से पास होने से वे आसानी से धान विक्रय कर सकेंगे। इससे किसानों का समय बचेगा और खरीदी केंद्र में होने वाली भीड़ व अन्य परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
बंजारी निवासी किसान श्री संजय कुमार एवं छुरिया डोंगरी निवासी किसान श्री सुधाकर ने कहा कि नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने से आसपास के किसानों को काफी सुविधा मिलेगी। पहले दूर स्थित केंद्र तक धान पहुंचाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब दूरी कम होने से धान आसानी से खरीदी केंद्र तक पहुंचाया जा सकेगा और किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
- पिछले खरीफ सत्र में 40 हजार से अधिक किसानों ने बेचा धान
खाद्य विभाग के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 27 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से लगभग 40 हजार 516 किसानों से 20 लाख 23 हजार 933 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। किसानों की संख्या और धान खरीदी की मात्रा को देखते हुए नए केंद्रों की स्वीकृति से आगामी खरीफ सत्र में खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।