सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 255 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन

अम्बिकापुर, 25 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 255 आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ माताओं और स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

‘हर आंगन से विकसित भारत का निर्माण’ के संदेश के साथ आयोजित आंगन मिलन सेवा में नागरिकों को अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जनभागीदारी के माध्यम से बच्चों को फल, खिलौने एवं पौष्टिक आहार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित विकास के प्रति समुदाय को जागरूक किया गया।

महापौर श्रीमती मंजुषा भगत हुईं शामिल, बच्चों एवं माताओं से किया संवाद

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में नगर पालिक निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजुषा भगत शामिल हुईं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों एवं माताओं से संवाद किया तथा बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और बेहतर देखभाल के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती भगत ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और बेहतर भविष्य की नींव आंगनबाड़ी केंद्रों से मजबूत होती है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को पोषण और प्रारंभिक देखभाल उपलब्ध कराने के साथ ही माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से समाज के लोगों को आंगनबाड़ी केंद्रों और बच्चों से जोड़ने की पहल जनभागीदारी को बढ़ाएगी। बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास के लिए परिवार के साथ पूरे समाज की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों से आंगन मिलन सेवा से जुड़कर बच्चों के लिए फल, खिलौने एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने तथा पोषण जागरूकता की गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की।

स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता से पोषण जागरूकता तक होंगी विविध गतिविधियां

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पोषण जागरूकता गतिविधियां, लाभार्थियों से संवाद, रंगोली एवं मेहंदी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा बच्चों के अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों की उचित देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं एवं अन्य लाभार्थियों से संवाद कर विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी। महिलाओं को बच्चों के दैनिक आहार में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

आंगन मिलन सेवा के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों, माताओं और समुदाय की सहभागिता के केंद्र के रूप में जोड़ते हुए पोषण एवं बाल विकास के प्रयासों में जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।

About The Author