‘आंगन मिलन सेवा’ से सुकमा में जनभागीदारी को मिला नया आयाम
सुकमा, 30 अक्टुबर 2026/sns/-“जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति केन्द्र सुकमा में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता, पोषण और जनकल्याण से जुड़ी विविध गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। स्थानीय बच्चों, महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में पोषण प्रदर्शनी, आकर्षक रंगोली और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-खेल में सीखने वाली गतिविधियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। स्कूली बच्चों ने स्वच्छता पर आधारित प्रेरक कविताओं और संदेशों के माध्यम से घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखने तथा कचरे को डस्टबिन में डालने का संदेश दिया। पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से अभिभावकों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों और उनके उचित उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों को पोषण आहार प्रदान करने के साथ नेवता भोज और अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।
मुख्य अतिथि श्री धनीराम बारसे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे आयोजन आपसी सहभागिता और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं तथा स्वच्छ सुकमा के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।
नगर पालिका सुकमा के अध्यक्ष श्री हुंगा राम मरकाम ने कहा कि जनभागीदारी से ही किसी भी अभियान को प्रभावी और सफल बनाया जा सकता है। वार्ड स्तर पर ऐसे आयोजन होने से शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचती है। उन्होंने नागरिकों से सुकमा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में निरंतर सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में श्रीमती भुनेश्वरी यादव, उपाध्यक्ष नगर पंचायत सुकमा, श्रीमती रीना पेद्दी, सभापति महिला एवं बाल विकास सुकमा, श्री दिलीप पेद्दी, श्रीमती राधा नायक, श्री रमेश एवं श्रीमती पुष्पलता भदोरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, हितग्राही एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।