सेवा संकल्प अभियान के तहत 02 अक्टूबर को चलेगा व्यापक स्वच्छता अभियान
मुंगेली, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 02 अक्टूबर 2026 को व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम एवं पुराना बस स्टैण्ड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। निर्धारित स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने अभियान को प्रभावी बनाने तथा निर्धारित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मुंगेली के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया है।