डाबरी निर्माण से जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा, जगदेव के खेतों में आएगी खुशहाली
मोहला, 3 अक्टूबर 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीणों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने के उद्देश्य से संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आयोजित “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” शिविर ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। इसी क्रम में विकासखंड मानपुर अंतर्गत मरकेली निवासी जगदेव को वीबी जी रामजी योजना अंतर्गत डाबरी निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। सेवा सेतु शिविर में जगदेव को डाबरी निर्माण का स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। डाबरी निर्माण की स्वीकृति मिलने से उनके परिवार के साथ-साथ खेती-किसानी के कार्यों को भी मजबूती मिलगी। जल संरक्षण के लिए निर्मित होने वाली यह डाबरी आने वाले समय में मछली पालन, जल संचयन तथा कृषि कार्यों में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में उपयोगी होगी। जगदेव ने बताया कि खेती-किसानी उनके जीवन-यापन का महत्वपूर्ण साधन है। डाबरी निर्माण होने के बाद वर्षा जल का संचयन किया जा सकेगा, जिसका उपयोग खेती में सिंचाई के साथ-साथ मछली पालन के लिए भी किया जाएगा। इससे उन्हें कृषि कार्यों में पानी की उपलब्धता बनाए रखने और अतिरिक्त आजीविका के अवसर विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन और खेती का आधार है। डाबरी निर्माण से वर्षा के पानी को सहेजकर जरूरत के समय उसका उपयोग किया जा सकेगा। शासन द्वारा योजना के माध्यम से डाबरी निर्माण की स्वीकृति मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जगदेव के लिए यह स्वीकृति केवल एक निर्माण कार्य की अनुमति नहीं, बल्कि जल संरक्षण, कृषि विकास और आजीविका के नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डाबरी के माध्यम से वर्षा जल को संरक्षित कर उसका उपयोग खेती और मछली पालन में किया जाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही आवश्यक स्वीकृति एवं प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की पहल सुशासन की उस भावना को परिलक्षित करती है, जिसमें शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाना प्राथमिकता है।