‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ में स्कूली बच्चों ने उकेरी ‘विकसित भारत’ की तस्वीर

सुकमा, 05 अक्टुबर 2026/sns/- जिला प्रशासन की दूरदर्शी पहल और संवेदनशील नेतृत्व के चलते जिले के दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाएं निखरकर सामने आ रही हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत आयोजित जिला स्तरीय भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन ज्ञानोदय स्कूल सुकमा किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने “विकसित भारतकृमेरे सपनों का भारत” विषय पर अपनी अद्वितीय रचनात्मकता और वैचारिक परिपक्वता का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्रशासन द्वारा सुदूर क्षेत्र के विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़कर उनकी प्रतिभा को मंच देने के इस सकारात्मक प्रयास की सर्वत्र सराहना हो रही है।
प्रतियोगिता का निरीक्षण करने स्वयं पहुंचे कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बच्चों के बीच समय बिताया और उनके बनाए चित्रों व रंगोली की बारीकियों को देखकर मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कलेक्टर की इस आत्मीय सहभागिता ने नन्हे प्रतिभागियों का उत्साह दोगुना कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी कला और भाषण के माध्यम से आधुनिक शिक्षा, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण जैसे राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपनी सशक्त समझ प्रस्तुत की।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के समन्वय से संपन्न इस गरिमामय आयोजन में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धनीराम बारसे, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हूंगाराम मरकाम, जिला महामंत्री श्री विश्वराज सिंह चौहान सहित अन्य अतिथियों ने बच्चों से सीधा संवाद कर उनके विचारों को जाना। अतिथियों ने माना कि जिला प्रशासन का यह मंच बच्चों में राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्व और सकारात्मक दृष्टिकोण गढ़ने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी. आर. मंडावी, डीएमसी श्री विजेंद्र सिंह राठौर तथा प्रशासनिक टीम के सुचारु प्रबंधन से यह जिला स्तरीय आयोजन अत्यंत अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन द्वारा तैयार किए गए इस मंच ने स्पष्ट कर दिया कि सुकमा के बच्चे न केवल बड़े सपने देखने में सक्षम हैं, बल्कि कल के सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की सुदृढ़ नींव बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

About The Author