सेवा संकल्प अभियान के अंतिम चरण में औंधी में लगा सेवा सेतु शिविर
मोहला, 06 अक्टूबर 2026/sns/- 17 सितंबर को ‘‘आशीर्वाद का दीया’’ से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान अब सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंचा। अभियान के तहत आज विकासखंड मानपुर के महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे ग्राम औंधी में अंतिम सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग, शिकायत एवं समस्याओं को सुना तथा नियमानुसार त्वरित निराकरण की कार्रवाई की। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित शासन की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा कृषि उत्सव मेला आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता करते हुए 400 से अधिक किसानों का पंजीयन कराया। कृषि मेले में निमास्त्र, कृषि कीटनाशक, खाद्यान्न एवं विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को कृषि से संबंधित योजनाओं एवं आधुनिक कृषि गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। शिविर का आयोजन कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देशानुसार कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों के उप संचालक श्री राजकुमार पिस्दे के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष, जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी श्री भोजेश शाह मंडावी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा मंडावी, जनपद सदस्य श्रीमती रेणु टांडिया, श्री अमरूराम वड्डे एवं श्रीमती पुष्पा आत्राम, एसडीएम मानपुर श्री डी.आर. ध्रुव, जनपद पंचायत मानपुर के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सरपंच-सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
- विभिन्न योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र, आवास की चाबी, पेंशन स्वीकृति आदेश एवं बैंक लिंकेज चेक, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा निश्चय मित्र किट, कृषि विभाग द्वारा किसान समृद्धि योजना पंजीयन प्रमाण पत्र, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा अंतरजातीय प्रोत्साहन राशि, विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब तथा शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति आदेश सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सामग्री हितग्राहियों को प्रदान की गई।
-‘नमो सेवा गाथा’ ने रोचक तरीके से दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में ‘‘नमो सेवा गाथा’’ कला जत्था के कलाकारों द्वारा मंचीय कार्यक्रम के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी गीत, संवाद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रोचक तरीके से प्रस्तुत की गई। उपस्थित ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
- सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत 2047 का दिया संदेश
जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा विकसित भारत 2047 के विजन के संबंध में ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी मांग, समस्या एवं आवश्यकताओं को शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जा सके। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा ‘‘सरकार आपके द्वार’’ की भावना को धरातल पर साकार किया गया।