सेवा संकल्प अभियान, धान खरीदी, किसान पंजीयन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

मुंगेली, 06 अक्टूबर 2026/sns/-   कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, अभियानों एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा ज्योति यात्रा के प्रस्तावित रूट एवं तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के दौरान आमजन की सुविधा और कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सेवा ज्योति का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने बैठक में एग्रीस्टेक के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तर पर किसानों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि पात्र किसान कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से जुड़े ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने धान खरीदी को लेकर उपार्जन केन्द्रों में की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए बारदाना, तौल व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, छाया एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं पारदर्शी हो तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने पीडीएस भवनों से संबंधित न्यायालयीन प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों में विभागीय स्तर पर आवश्यक समन्वय बनाए रखने को कहा। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय पर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में चल रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुसार भर्ती कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर जल योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में नल कनेक्शन एवं नियमित जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। इसी प्रकार पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने तथा योजना के लाभ एवं प्रक्रिया के संबंध में व्यापक जागरूकता लाने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author