सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय अम्बिकापुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन’
अम्बिकापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत गुरुवार को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय अम्बिकापुर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले द्वारा विद्यार्थियों का एचआईवी, मधुमेह (डायबिटीज) एवं रक्तचाप परीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली एवं बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
एचआईवी एवं एड्स की रोकथाम के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
स्वास्थ्य शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण एवं एड्स के संबंध में जानकारी देते हुए इसके संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व से अवगत कराया। चिकित्सकों ने बताया कि जागरूकता, सावधानी एवं समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इसके साथ ही मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय पर पहचान तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।