सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय बतौली में गांधी जी के जीवन दर्शन पर व्याख्यानमाला का आयोजन

अम्बिकापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बतौली में 05 अक्टूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में महात्मा गांधी के जीवन दर्शन एवं विचारों पर आधारित व्याख्यानमाला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर प्रदर्शनी एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं ग्राम स्वराज के सिद्धांतों से परिचित कराते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक एवं साहित्यकार श्री सुदामा राम गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. भगत, साक्षर भारत बतौली के परियोजना अधिकारी श्री उमेश गुप्ता, प्रो. तारा सिंह मरावी, प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी, प्रो. बलराम चंद्राकर, प्रो. श्रीमती सुभागी भगत, प्रो. जिवियन खेस्स, अतिथि शिक्षक श्री गोपाल यादव, सुश्री शिल्पी एक्का, श्रीमती मनीषा एक्का तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बतौली के समन्वयक श्री चंद्रभान उपस्थित रहे

गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचार आज भी प्रासंगिक-श्री गुप्ता
व्याख्यानमाला में महात्मा गांधी का जीवन दर्शन और वैचारिकी विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता श्री सुदामा राम गुप्ता ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में महात्मा गांधी के सिद्धांत अत्यंत उपयोगी एवं प्रासंगिक हैं। गांधी जी ने संपूर्ण देश को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उनके विचारों में सर्वधर्म समभाव, एकता, भाईचारा, समानता एवं सामाजिक समरसता की भावना निहित है। इन आदर्शों को आत्मसात कर समाज में शांति, सद्भाव एवं आपसी सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी शांति एवं मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। व्याख्यानमाला में परियोजना अधिकारी श्री उमेश गुप्ता एवं राजनीति विज्ञान के अतिथि शिक्षक श्री गोपाल यादव ने भी गांधी जी के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ग्राम बोदा दल प्रथम एवं ग्राम मंगारी दल द्वितीय स्थान पर रहा
कार्यक्रम के दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बतौली के समन्वयक श्री चंद्रभान द्वारा महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। गांधी जी की वैचारिकी एवं सिद्धांतों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में गांधी जी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना के अनुरूप प्रतिभागी दलों का नाम स्थानीय ग्रामों के नाम पर रखा गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ग्राम बोदा दल ने प्रथम, ग्राम मंगारी दल ने द्वितीय, ग्राम सेदम दल ने तृतीय तथा ग्राम बतौली दल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में चलाया गया स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम से पूर्व स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें हिंदी साहित्य विकास परिषद के सदस्यों, स्वीप के कैंपस एंबेसडरों, विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर कीसाफ-सफाई की तथा स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके सिद्धांतों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर गांधी जी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने व्यक्त किए अपने विचार
कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी और भारतीय लोकतंत्र: विचारों की प्रासंगिकता विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। व्याख्यानमाला के दौरान विद्यार्थियों ने भी गांधी जी के जीवन दर्शन एवं आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इनमें हरिनारायण, हरकेश साहू, रवीना नागेश, कुंती पैकरा, ओमप्रकाश रवि एवं सितारा की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें अजीम प्रेमजी फाउंडेशन सरगुजा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक प्रो. बलराम चंद्राकर ने अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के प्राध्यापक, अतिथि शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author