राज्य डेयरी उद्यमिता योजना से मनोज कुमार पटेल ने संवारा पशुपालन का व्यवसाय

अम्बिकापुर, 07 अक्टूबर 2026/sns/-   पशुपालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाकर ग्रामीण परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहे हैं। राज्य डेयरी उद्यमिता योजना के तहत मिले अनुदान और पशुपालन विभाग के सहयोग से लमगांव निवासी मनोज कुमार पटेल ने डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाया है। मनोज कुमार पटेल बताते हैं कि उन्हें पशुपालन विभाग की ओर से राज्य डेयरी उद्यमिता योजना के तहत अनुदान प्राप्त हुआ, जिसका उपयोग उन्होंने गायों के पालन-पोषण और डेयरी व्यवसाय को विकसित करने में किया। आज वे प्रतिदिन लगभग 30 लीटर दूध का विक्रय कर रहे हैं, जिससे उन्हें करीब ₹1,200 प्रतिदिन की आय प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि दूध बिक्री से महीने में लगभग ₹30 से ₹35 हजार रुपये की आय होती है। पशुओं के चारा, देखभाल और अन्य खर्चों के बाद करीब ₹15 हजार रुपये की बचत हो जाती है। इस तरह वे सालाना लगभग ₹1 से डेढ़ लाख रुपये तक की बचत कर पा रहे हैं। मनोज कुमार पटेल ने कहा कि पशुपालन विभाग से मिले अनुदान और मार्गदर्शन ने उनके डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इसके लिए पशुपालन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने परिवार की आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

About The Author