स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 01 अक्टूबर को जिले में होगा स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम
अम्बिकापुर, 30 सितम्बर 2026/sns/- स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत 01 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत “एक दिन-एक घंटा-एक साथ” थीम पर जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में एक साथ स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08 बजे से 09 बजे तक जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता श्रमदान किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छाग्राहियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण समुदाय, युवाओं, विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम का आयोजन होगा। अभियान के तहत जिले के स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, जनपद स्तर के कार्यालयों तथा अन्य शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा सामुदायिक श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।