ग्राम सुरदा में बेटियों को मिली नई सौगात

मुंगेली, 09 अक्टूबर 2026/sns/- बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम पंचायत सुरदा ने महत्वपूर्ण पहल की है। यहां शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के तहत बालिका शौचालय का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। गुलाबी रंग से सुसज्जित शौचालय की दीवारों पर अंकित “मेरी बेटी… मेरा स्वाभिमान” का प्रेरक संदेश और बालिका शिक्षा को दर्शाती चित्रकारी विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस सुविधा से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय उपलब्ध हुआ है। विद्यालय में दर्ज कुल 41 विद्यार्थियों में 18 छात्राएं हैं, जिन्हें इस सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। शौचालय निर्माण से छात्राओं की दैनिक असुविधा दूर करने और विद्यालय में उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी। वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला परिसर सुरदा में बालिका शौचालय 4.30 लाख रूपए की लागत पूरा किया गया।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और स्वच्छता जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सुरदा में निर्मित यह शौचालय ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की भावना को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करता है। हमारा प्रयास है कि जिले के किसी भी विद्यालय में बेटियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से केवल निर्माण कार्य ही नहीं, बल्कि बेटियों के लिए सम्मानजनक सुविधाएं और बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत सुरदा के सरपंच श्री रवि कुमार पटेल के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रधान पाठक ने बताया कि विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय बनने से छात्राओं को पूरे समय विद्यालय में रहकर पढ़ाई करने में सहूलियत मिलेगी। इस सुविधा को लेकर छात्राओं के साथ-साथ पालकों में भी खुशी और संतुष्टि है।

About The Author