सेवा की कहानी: पीएमईजीपी से हर्षिता खत्री ने स्थापित किया फर्नीचर निर्माण उद्योग
अम्बिकापुर, 10 अक्टूबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के माध्यम से स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। शासन की इस योजना से आर्थिक सहायता प्राप्त कर युवा एवं उद्यमी स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। इसी कड़ी में अम्बिकापुर की श्रीमती हर्षिता खत्री ने 25 लाख रुपये के ऋण से फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित किया है, जहां वर्तमान में 10 से 12 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
25 लाख के ऋण से स्थापित किया फर्नीचर निर्माण उद्योग
श्री साईं इंडस्ट्रीज एंड प्रोडक्ट की प्रोपराइटर श्रीमती हर्षिता खत्री हैं। उनके पति श्री दिलीप खत्री उद्योग के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। श्री खत्री ने बताया कि स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण उद्योग स्थापित नहीं कर पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें जिला व्यापार एवं उद्योग कार्यालय से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ऋण मिलने की जानकारी प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी श्रीमती हर्षिता खत्री के नाम से ऋण के लिए आवेदन किया गया। योजना के माध्यम से 25 लाख रुपये का ऋण प्राप्त होने पर श्री साईं इंडस्ट्रीज एंड प्रोडक्ट के नाम से फर्नीचर निर्माण इकाई स्थापित की गई।
पार्टिकल बोर्ड से विभिन्न फर्नीचर उत्पादों का हो रहा निर्माण
श्री दिलीप खत्री ने बताया कि उनकी इकाई में पार्टिकल बोर्ड से विभिन्न प्रकार के फर्नीचर तैयार किए जाते हैं। इनमें टेबल, ऑफिस टेबल, ड्रेसिंग टेबल, सोफा, पलंग और अलमारियों सहित अन्य फर्नीचर उत्पाद शामिल हैं। उद्योग के संचालन से परिवार को स्वरोजगार का साधन मिला है, वहीं स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों के लिए भी आजीविका के अवसर सृजित हुए हैं।
10 से 12 लोगों को मिला रोजगार
श्री खत्री ने बताया कि वर्तमान में उनकी निर्माण इकाई में 10 से 12 कर्मचारी कार्यरत हैं। फर्नीचर निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यों के माध्यम से इन कर्मचारियों को नियमित रोजगार का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली आर्थिक सहायता के कारण ही वे उद्योग स्थापित कर सके। आज इस व्यवसाय से न केवल उनका परिवार जुड़ा है, बल्कि अन्य परिवारों की आजीविका को भी सहारा मिल रहा है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
श्री दिलीप खत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम उनके परिवार के लिए स्वरोजगार स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। योजना से मिले 25 लाख रुपये के ऋण ने व्यवसाय शुरू करने की राह आसान की। उन्होंने कहा कि आज अपनी निर्माण इकाई संचालित करने के साथ 10 से 12 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना उनके लिए संतोष की बात है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खत्री परिवार की यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि शासन की स्वरोजगार योजनाओं से उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।