नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प

बीजापुर, 11 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज को नशामुक्त बनाने तथा बच्चों एवं युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालक पोर्टाकेबिन तारलागुड़ा में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया

कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) हिन्दी माध्यम तारलागुड़ा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम तारलागुड़ा, कन्या पोर्टाकेबिन तारलागुड़ा एवं बालक पोर्टाकेबिन तारलागुड़ा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनोज लम्बाड़ी, स्वास्थ्य विभाग से सुश्री सबिता चन्द्राकर एवं शिक्षा विभाग के जिला नोडल अधिकारी श्री नरवेद सिंह उपस्थित रहे।

 नशा स्वास्थ्य के साथ भविष्य को भी करता है प्रभावितकार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, पारिवारिक जीवन एवं भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। विशेष रूप से किशोरावस्था में नशे से दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। तंबाकू, गुटखा, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने तथा सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों द्वारा नशे के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं तथा इनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, खेलकूद, योग एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

विद्यार्थी बनें नशामुक्ति अभियान के जागरूकता दूतकार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बताया गया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकते हैं।

शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

सेवा संकल्प अभियान से जनजागरूकता को मिल रही नई दिशा
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों तक नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं की सहभागिता से नशे के विरुद्ध सामूहिक जागरूकता को बढ़ावा मिला।

इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने, उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

*कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि नशे से दूरी, शिक्षा से जुड़ाव और स्वस्थ जीवनशैली ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है।

About The Author