बारिश की बूंद-बूंद सहेजने की पहल, वंगापल्ली में 50 कंटूर ट्रेंच से जल संरक्षण को मिली मजबूती
बीजापुर, 12 अक्टूबर 2026/sns/- जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत वंगापल्ली में वी.बी.जी. राम जी योजना के माध्यम से जल संरक्षण एवं ग्रामीण रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। गांव में वर्षा जल को संरक्षित करने, भूमि में नमी बनाए रखने तथा मिट्टी के कटाव को रोकने के उद्देश्य से समुदाय के लिए 50 नग सतत् कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया गया है।
ग्राम पंचायत वंगापल्ली में वर्षा के दौरान पानी के तेज बहाव से मिट्टी का कटाव होने तथा वर्षा जल के शीघ्र बह जाने की समस्या बनी रहती थी। इस समस्या के समाधान के लिए समुदाय की आवश्यकता के आधार पर सतत् कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य का चयन किया गया। इस कार्य के लिए 89 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें अब तक 64 हजार 800 रुपए व्यय किए गए हैं।
जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों को मिला रोजगार
सतत् कंटूर ट्रेंच निर्माण का प्रमुख उद्देश्य वर्षा जल के बहाव को धीमा कर पानी को भूमि में समाहित होने का अवसर देना है। इससे भू-क्षरण में कमी आने, भूमि में नमी बढ़ने तथा जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह कार्य कृषि भूमि की उत्पादक क्षमता बनाए रखने में भी सहायक होगा।
योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य में स्थानीय श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे ग्रामीण परिवारों को गांव में ही रोजगार प्राप्त हुआ। इस कार्य से कुल 216 मानव दिवस का सृजन हुआ। इस प्रकार जल संरक्षण के साथ स्थानीय ग्रामीणों को आजीविका का अवसर भी मिला।
ग्रामीणों को मिला दोहरा लाभ
कंटूर ट्रेंच निर्माण से ग्रामीणों में जल एवं मृदा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि कंटूर ट्रेंच बनने से बारिश के पानी को रोकने में मदद मिल रही है। इससे जमीन में नमी बनी रहने की उम्मीद है। साथ ही योजना के माध्यम से गांव के लोगों को रोजगार भी मिला है, जिससे दोहरा लाभ प्राप्त हुआ है।
ग्राम पंचायत वंगापल्ली में किया गया यह प्रयास प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ग्रामीण रोजगार सृजन एवं समुदाय की सहभागिता से टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण का उदाहरण है।