सेवा संकल्प अभियान: स्वामी आत्मानंद स्कूल में नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया गया संकल्प

मुंगेली, 12 अक्टूबर 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में संचालित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के एकीकृत पुनर्वास केंद्र (नशामुक्ति केंद्र) द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दाउपारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान तंबाकू, सिगरेट, शराब और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के सेवन से शरीर, मस्तिष्क, शिक्षा, करियर तथा सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्वस्थ आदतें अपनाने, सकारात्मक संगति बनाए रखने और किसी भी प्रकार के नशे के दबाव से दूर रहने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जीवन में सफलता के लिए स्वास्थ्य, अनुशासन और सही निर्णय लेना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों की उपस्थिति में सभी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

About The Author