सम्मान और समान अधिकारों का संदेश लेकर मनाया राष्ट्रीय बालिका दिवस
मुंगेली, 12 अक्टूबर 2026/sns/- बेटियों के संरक्षण, सम्मान और समान अधिकारों के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दाबो में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बेटियों के अधिकारों, लैंगिक समानता और कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें जन्म लेने, शिक्षा प्राप्त करने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं को सामाजिक विषयों पर अपने विचार और रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिला। रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से बालिका संरक्षण, बेटियों के महत्व और लैंगिक समानता के संदेश को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में अरावली टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवालिक टीम द्वितीय, उदयगिरी टीम तृतीय तथा नीलगिरी टीम चतुर्थ स्थान पर रही। छात्राओं की प्रस्तुतियों में बेटियों के प्रति सम्मान और समान अवसर की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों, संरक्षण और सुरक्षित भविष्य से जुड़े विषयों को चित्रों में उकेरा। प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की छात्रा दीक्षा दीवाकर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कक्षा की अंशिका ने द्वितीय तथा कक्षा सातवीं की प्रियंका भास्कर ने तृतीय स्थान हासिल किया। छात्राओं की चित्रकारी ने समाज में बेटियों को समान अवसर देने और उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं, विज्ञान संकाय की छात्रा मुस्कान कुर्रे ने कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम तथा बेटियों के समानता के अधिकार विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बालिकाओं को समान अधिकार देने और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें स्वल्पाहार भी दिया गया। छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अच्छी शिक्षा प्राप्त करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य में परिवार, समाज तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे तथा जिला नोडल अधिकारी पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट डॉ. कमलेश कुमार, जिला आरएमएनसीएचए सलाहकार डॉ. अखिलेश कुमार बंजारे, पी.सी.पी.एन.डी.टी. के प्रभारी लिपिक श्रीमती सरस्वती बघेल, सचिवीय सहायक सुश्री आकांक्षा पात्रे, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो के प्राचार्य श्री डी.के. साहू, शिक्षक श्री प्रतीक ताम्रकार, श्री ए.के. पटेल, सुश्री एम. साकार, स्टाफ नर्स श्रीमती शिवानी दुबे सहित विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।