सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन सतर्क
मुंगेली, 13 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में सुधार, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधार, सड़क सुरक्षा संबंधी निरीक्षण प्रतिवेदनों तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर गंभीरता से कार्य करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों की यात्रा अधिक सुरक्षित बनाई जा सके।
बैठक में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और सजगता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने जैसे नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की जागरूकता और यातायात नियमों का पालन भी महत्वपूर्ण है।
बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों का नियमित आयोजन करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा की गई। पिछली बैठक के निर्णयों की समीक्षा के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव एवं श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।