स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से राशनकार्ड संबंधी सेवाएं हुईं ऑनलाइन
मुंगेली, 13 अक्टूबर 2026/sns/- राज्य शासन की मंशानुरूप शासकीय सेवाओं को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाने तथा आम नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयीन आवागमन से राहत दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से राशनकार्ड संबंधी विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस सुविधा से राशनकार्डधारी हितग्राही घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और अपने राशनकार्ड की डिजिटल प्रति पीडीएफ प्रारूप में डाउनलोड कर सकते हैं। इससे समय और श्रम की बचत होगी तथा राशनकार्ड से जुड़े कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। नवीन राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने के बाद संबंधित सदस्यों की ई-केवाईसी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉस मशीन के माध्यम से पूर्ण करना आवश्यक है।
हितग्राही स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के आधिकारिक लिंक https://cg.smartpds.nic.in/login पर जाकर Grievance Login विकल्प का चयन कर सकते हैं। इसके बाद Login with Ration Card Number अथवा Login with Aadhaar Card Number के माध्यम से लॉगिन कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से नवीन राशनकार्ड के लिए आवेदन, राशनकार्ड में नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन, राशनकार्ड स्थानांतरण, सदस्य का नाम विलोपित करने तथा सदस्य विभाजन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उपलब्ध सुविधा के अनुसार राशनकार्ड की पीडीएफ प्रति डाउनलोड भी की जा सकती है।
स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर विभागीय अधिकारियों एवं अधिकृत कर्मचारियों के लिए अलग से Authority Login की व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत अधिकृत लॉगिन आईडी के माध्यम से संबंधित अधिकारी अपनी निर्धारित भूमिका के अनुसार आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही करेंगे। प्राप्त आवेदनों में संबंधित जनपद पंचायत अथवा नगरीय निकाय कार्यालय में पदस्थ ऑपरेटर द्वारा आवश्यक प्रविष्टियां की जाएंगी। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अथवा मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरीय निकाय द्वारा नियुक्त सत्यापनकर्ता आवेदन एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण करेंगे। सत्यापन के बाद अंतिम परीक्षण एवं अनुमोदन किया जाएगा। निर्धारित नियमों और पात्रता के अनुसार अनुमोदन के पश्चात राशनकार्ड जारी करने अथवा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।